Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

शनिवार, 12 नवंबर 2022

"प्राथमिक स्कूलों से ही दें संस्कृति व योग की शिक्षा":प्रयागराज में बोलीं UP की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव में हुईं शामिल



 "प्राथमिक स्कूलों से ही दें संस्कृति व योग की शिक्षा":प्रयागराज में बोलीं UP की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव में हुईं शामिल

ज्वालादेवी इंटर कालेज में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शनिवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पहुंचीं। विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित इस महोत्सव के जरिए राज्यपाल ने बच्चों को प्राथमिक स्कूलों से ही योग और संस्कृति से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चों के विकास के लिए उनको अच्छे संस्कार दिए जाने चाहिए। विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान ने 22 लाख से ज्यादा बच्चों को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करने का बीड़ा उठाया है, यह सराहनीय है।

बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं : राज्यपाल

राज्यपाल ने कहा कि हर बच्चों में कोई न कोई प्रतिभा होती है। इस तरह के प्रोग्राम के माध्यम से बच्चों के अंदर छिपी उनकी प्रतिभाओं को और निखारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में अनुशासन होता है तथा यहां पर बहुत ही सुंदर प्रार्थनाएं करायी जाती है, जिससे बच्चों में अनुशासन के साथ ही अपनी संस्कृति के प्रति प्रेमभावना जागृत होती है। उन्होंने कहा कि हर देश अपनी शिक्षा व्यवस्था को अपने सांस्कृतिक एवं जीवन मूल्यों के साथ जोड़कर राष्ट्र निर्माण के लक्ष्यों के अनुसार सुधार करते हुए चलता है। मकसद ये होता है कि देश की शिक्षा व्यवस्था अपनी वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को उज्जवल और सुरक्षित करें।

पुस्तकालयों में आजादी से जुड़ी पुस्तकें जरूरी

राज्यपाल ने कहा पुस्तकालयों में भारत की आजादी से संबंधित पुस्तकों को रखा जाये, जिससे कि हमारी युवा पीढ़ी को इस बात की जानकारी हो कि भारत को आजाद कराने में किन महापुरूषों का क्या योगदान रहा था। साथ ही आजादी से जुड़े नाटकों को तैयार कर बच्चों को अवश्य दिखाया जाना चाहिए, जिससे आज की युवा पीढ़ी चरित्रवान, देशप्रेमी और देश को आगे ले जाने वाली बने।

उन्होंने महिलाओं पर जोर देते हुए कहा आज महिलाएं सामर्थ्यवान होकर अपना घर चला रही हैं, साथ ही अपने बेटे-बेटियों को भी आगे बढ़ने के लिए सही प्रशिक्षण प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश के चहुमुखी विकास में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। हमें अपने बच्चों के भविष्य के लिए आज से ही पानी व पर्यावरण को बचाने का प्रयास करना होगा। हमें यह संकल्प लेना है कि हम पानी की बर्बादी नहीं होने देंगे तथा दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। इसके पहले राज्यपाल ने विद्यालय प्रांगण में लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

यह भी रहे उपस्थित

इस अवसर पर महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान कुरूक्षेत्र के अध्यक्ष यतीन्द्र सहित अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विद्या भारतीय अखिल भारती शिक्षा संस्थान के सह संगठन मंत्री डाॅ. ललित बिहारी गोस्वामी, जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. वीके सिंह, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, सिद्धार्थनाथ सिंह, पीयूष रंजन निषाद के अलावा विद्या भारती के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण समेत छात्र छात्राएं मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें