5 हजार क्रमोन्नत सीनियर सेकंडरी स्कूलों को एक साल बाद भी नहीं मिले 15 हजार व्याख्याता, स्कूलों में प्रवेशोत्सव चल रहा
राज्य के स्कूलों में प्रवेशोत्सव शुरू हो गया है। सरकारी स्कूलों में 16 मई तक प्रवेशोत्सव का पहला चरण चलेगा। वहीं दूसरी तरफ सीनियर सेकंडरी स्कूलों में व्याख्याताओं की कमी के चलते नामांकन प्रभावित होने की संभावना है। पिछले साल राज्य सरकार की ओर से क्रमोन्नत किए गए पांच हजार स्कूलों को एक साल बाद भी व्याख्याता नहीं मिले हैं। उधर, व्याख्याताओं के स्वीकृत पदों में 16138 पहले से रिक्त चल रहे हैं।
वहीं शिक्षा विभाग में हालही में 10 हजार व्याख्याताओं को वाइस प्रिंसिपल पदों पर प्रमोट किया गया है, इनकी काउंसलिंग भी मई-जून में होनी है। ऐसे में जुलाई माह में व्याख्याताओं के रिक्त पदों की संख्या 40 हजार के पार पहुंच जाएगी। शिक्षा निदेशालय ने क्रमोन्नत स्कूलों में व्याख्याताओं के तीन-तीन पद स्वीकृत करने के लिए पिछले साल राज्य सरकार को प्रस्ताव भिजवाए थे। इन प्रस्तावों पर अभी तक मंजूरी नहीं मिली है।
राज्य सरकार की ओर से वर्ष 2022-23 में 3834 माध्यमिक स्कूलों को उच्च माध्यमिक में और 1157 उच्च प्राथमिक स्कूलों को उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत किया गया था। क्रमोन्नत हुए सभी स्कूलों में कला संकाय मंजूर किया गया है। ^राज्य के स्कूलों में व्याख्याताओं के आधे से अधिक पद रिक्त हो रहे हैं। जिसकी जानकारी अभिभावकों को भी है। शिक्षा विभाग को चाहिए कि जल्द से जल्द रिक्त पदों को भरा जाए अन्यथा नामांकन प्रभावित होगा। महेंद्र पांडे, महामंत्री, प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ
व्याख्याताओं के पदों की स्थिति 56277 स्वीकृत 38139 कार्यरत 16138 रिक्त 10096 वीपी से रिक्त 15000 पद और चाहिए 17478 स्कूल, 57.65 लाख विद्यार्थी : राज्य सरकार ने पिछले 4 सालों में राज्य के 5,600 स्कूलों को सीनियर सेकंडरी में क्रमोन्नत किया है। वर्तमान में राज्य में सीनियर सेकंडरी स्कूलों की संख्या 17478 है। इन स्कूलों में लगभग 57.65 लाख विद्यार्थी पढ़ रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें