Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

सोमवार, 11 सितंबर 2023

भामाशाह सम्मान समारोह आज; राज्य स्तर पर 142 और जिला स्तर पर 846 भामाशाह सम्मानित होंगे

 

भामाशाह सम्मान समारोह आज; राज्य स्तर पर 142 और जिला स्तर पर 846 भामाशाह सम्मानित होंगे


स्कूलों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सहयोग करने वाले भामाशाहों के सम्मान के लिए शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तर पर होने वाला सम्मान समारोह बिड़ला सभागार में सुबह 11 बजे प्रारंभ होगा। इसमें 142 भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा। इन भामाशाहों ने कुल 139 करोड़ रुपए की राशि का शिक्षा विभाग को सहयोग किया है। इसके अलावा सभी जिलों में जिला स्तर पर भी यह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।


जिला स्तर पर प्रदेशभर में कुल 846 भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा। पहली बार जिला स्तरीय समारोह 50 जिलों के हिसाब से आयोजित होगा। इन भामाशाहों ने विभाग को 39 करोड़ रुपए की मदद की है। जयपुर में जिला स्तरीय समारोह में 12 भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को बिडला सभागार में होने वाले राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षामंत्री बीडी कल्ला होंगे। अध्यक्षता शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान करेंगे। विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री राजेंद्र सिंह यादव और तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग होंगे।


स्वधर्म फाउंडेशन को लगातार तीसरी बार सम्मान : जयपुर के स्वधर्म फाउंडेशन को लगातार तीसरी बार भामाशाह सम्मान मिल रहा है। फाउंडेशन ने इस बार 2 करोड़ रुपए से अधिक का सहयोग किया है। फाउंडेशन के अनुसार चतराला, देहलावास, टीबा श्योपुर और प्रतापनगर सेक्टर 26 स्थित संस्कृत स्कूल में कक्षा कक्षों का निर्माण, कंप्यूटर लैब स्थापित की है। एक स्कूल में सोलर पैनल भी लगवाया। सुखपुरिया के सीनियर स्कूल में विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए अलग अलग टॉयलेट बनवाए।


34 को शिक्षा विभूषण, 108 को शिक्षा भूषण सम्मान: राज्यस्तरीय समारोह में 142 भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें 34 भामाशाहों को शिक्षा विभूषण और 108 भामाशाहों को शिक्षा भूषण की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। इन भामाशाहों ने सत्र 2022-23 में शिक्षा विभाग को 139 करोड़ रुपए का सहयोग किया है। एक करोड़ से अधिक के सहयोग करने वाले को शिक्षा विभूषण और 15 लाख से 1 करोड़ रुपए तक का दान करने वाले को शिक्षा भूषण से सम्मानित किया जाता है। प्रदेश में सबसे अधिक 11 करोड़ रुपए का सहयोग हिंदुस्तान जिंक का है, जिन्हें सम्मानित किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें