Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

मंगलवार, 21 नवंबर 2023

गणित व विज्ञान विषय में होशियार बनेंगे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी,चयनित स्कूल को मिलेंगे दो करोड़ रुपए



 गणित व विज्ञान विषय में होशियार बनेंगे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी,चयनित स्कूल को मिलेंगे दो करोड़ रुपए

झुंझुनूं. पीएमश्री योजना में चयनित जिले के सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने वाली है। जिले के सभी चयनित स्कूलों में गणित व विज्ञान विषय पर ज्यादा जोर दिया जाएगा। बच्चों को गणित व विज्ञान में पारंगत किया जाएगा। इसका मकसद विज्ञान व तकनीक में भारत का भविष्य श्रेष्ठ बनाना है। उच्च स्तर की पढाई में सरकारी स्कूलों में पढाई करने वाले बच्चे अटके नहीं। इसके लिए राज्य के उच्च माध्यमिक पीएमश्री विद्यालयों तथा डाइट में कार्यरत भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व गणित विषय के विषयाध्यापकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। विषयाध्यापकों को तीन दिन का आवासीय प्रशिक्षण निकट के आइआइटी संस्थानों में दिया जाएगा।


झुंझुनूं, सीकर, चूरू व नीमकाथाना जिले के चयनित शिक्षकों को प्रशिक्षण आइआइटी दिल्ली या जोधपुर में दिया जा सकता है। हालांकि इसकी जगह फिलहाल तय नहीं हुई है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद विषय अध्यापकों को विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसे देखते हुए जिले के उच्च माध्यमिक पीएम श्री विद्यालय व डाइट में कार्यरत भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व गणित विषयों के व्याख्याताओं की सूचना शिक्षा परिषद को भेजनी होगी। इस संबंध में परिषद के राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने प्रदेश के सभी समग्र शिक्षा के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयकों को आदेश भेजे है।


दूसरा चरण भी होगा


पहले चरण में स्कूलों का चयन कर लिया है। हर चयनित स्कूल को लगभग दो करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसका दूसरा चरण भी शुरू होगा। स्कीम का लाभ पाने के लिए स्कूलों को खुद से ही ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। योजना के पहले दो वर्षों के लिए पोर्टल को वर्ष में चार बार खोला जाएगा। आवेदन के बाद स्कूलों का सत्यापन राज्य/केंद्र शासित प्रदेश/ केवीएस/ जेएनवी द्वारा किया जाएगा। इसके बाद चयन किए गए स्कूलों की लिस्ट को मंत्रालय को भेजा जाएगा।


क्या है योजना

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत देशभर के 14500 स्कूलों को पीएम श्री (प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया) योजना के तहत अपग्रेड किया जाना है। योजना के अंतर्गत स्कूलों को नवीनतम तकनीक, स्मार्ट कक्षा, खेल और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ अपग्रेड किया जाएगा।


इनका कहना है

जिले में पीएम श्री योजना में चयनित स्कूलों में सुविधाएं बेहतर की जाएंगी। गणित व विज्ञान के लिए अलग से शिक्षकों को ट्रेनिंग दिलवाई जाएगी।


-मनोज ढाका, जिला शिक्षा अधिकारी, झुंझुनूं



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें