Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

शुक्रवार, 1 दिसंबर 2023

राहत:कर्मचारियों को मूल वेतन में 1900 से 2300 का फायदा



 राहत:कर्मचारियों को मूल वेतन में 1900 से 2300 का फायदा

सीकर. राज्य सरकार के चयनित वेतन मान पर पदोन्नति स्केल देने का फैसला लाखों कर्मचारियों के लिए बड़ा तोहफा साबित होगा। 1992 के बाद इसे सरकारी कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ा फायदा माना जा रहा है। इसमें ग्रेड थर्ड शिक्षक तक को तीन से साढ़े तीन हजार रुपए तक का मासिक लाभ मिलेगा। इसके लिए वित्त विभाग ने छह अक्टूबर को निर्देश जारी कर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से पांच जनवरी तक विकल्प पत्र मांगने शुरू कर दिए हैं।


यूं समझें मामला

1992 में भैरोंसिंह शेखावत सरकार ने पदोन्नति के बिना भी 9, 18 व 27 साल में चयनित वेतन देने का फैसला कर सरकारी कर्मचारियों को बड़ा आर्थिक लाभ दिया था। बाद में वेतन आयोगों ने ग्रेड पे की व्यवस्था लागू कर दी। यानी कोई कर्मचारी 10 नम्बर की स्केल पर 3600 रुपए ग्रेड पे पर नियुक्त हो रहा था तो उसे नौ साल बाद 11 वीं स्केल की 4200 और 18 साल बाद 12वीं स्केल की 4800 ग्रेड पे मिल रही थी। इसके बाद 13वीं और 14वीं स्केल 5400 ग्रेड पे की थी। चूँकि शिक्षा विभाग में कृषि, वाणिज्य व सामाजिक विज्ञान विषयों में पद नहीं होने से इन विषय के शिक्षकों की पदोन्नति बहुत देरी से हो रही थी,


 ऐसे शिक्षकों को 27 वर्षीय चयनित वेतन मान के रूप में 5400ग्रेड पे में 13 नम्बर स्केल ही मिल रही थी,ऐसे में शिक्षकों सहित विभिन्न संगठनों ने 27 साल का चयनित वेतनमान 13 की बजाय 14 नम्बर स्केल पर मिलने की मांग सरकार से की थी। ताकि पदों की कमी की वजह से पदोन्नति का लाभ नहीं लेने वाले कर्मचारियों को भी समय पर आर्थिक लाभ मिल सके। इस पर सरकार ने सहमति जताकर 6 अक्टूबर को कर्मचारियों से तीन महीने में विकल्प पत्र देने का पत्र जारी कर दिया। कर्मचारी पुरानी व्यवस्था में रहना चाहे तो वह विकल्प देकर 13 नम्बर स्केल में रह सकता है।


यूं मिलेगा लाभ

नई व्यवस्था से थर्ड ग्रेड कर्मचारी 27 साल में 12 से सीधे 14वीं स्केल की पदोन्नति का लाभ ले सकेंगे। जबकि सैकंड ग्रेड कर्मचारी 18 व फर्स्ट ग्रेड कर्मचारी नौ साल में ही इसका लाभ ले सकेंगे। एक अप्रेल 2023 से लागू इस व्यवस्था से एक थर्ड ग्रेड कर्मचारी को तीन से चार हजार रुपए का लाभ होगा। जिन कर्मचारियों को एक अप्रेल 2023 से पूर्व चयनित वेतमान के रूप में 13 नम्बर स्केल मिल चुकी है उनको एक अप्रेल 2023 से रिफ़क्शिेसन से 14 नम्बर स्केल मिलेगी।और एक अप्रेल से अब तक का नक़द एरियर मिलेगा।वित्त विभाग के इस आदेश से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को 1900 से 2300 रुपए मूल वेतन में अधिक मिलेंगे। निरंतर मिलने वाली एसीपी में अब 12 नम्बर स्केल से सीधे 14 नम्बर स्केल मिलेगी।


शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को इंतजार

सरकारी कर्मचारियों से नई व्यवस्था को अपनाने का विकल्प पत्र छह अक्टूबर को जारी कर सरकार ने उसे पाँच जनवरी तक भरने का समय दिया है। जिसके बाद कई विभागों ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। पर शिक्षा विभाग में ये प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में इंतजार व आक्रोश दोनों है।


शिक्षक बोले: शिक्षकों को राहत दे सरकार

संगठन के आंदोलन व वार्ता के बाद सीएम अशोक गहलोत ने चयनित वेतन मान पर पदोन्नति स्केल देने का फैसला लिया था। इससे लाखों कर्मचारियों को फायदा होगा। हमारी मांग है कि शिक्षा विभाग भी अति शीघ्र शिक्षकों से विकल्प पत्र जल्द भरवा कर शिक्षकों को राहत प्रदान करे।-उपेंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री, राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत)


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

CLOSE ADVERTISEMENT