Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

शुक्रवार, 8 दिसंबर 2023

अर्द्धवार्षिक परीक्षा: नोडल केन्द्रों से किया प्रश्न-पत्रों का वितरण 463 विद्यालयों के संस्था प्रधानों ने लॉकर में रखे प्रश्न-पत्र, परीक्षा 11 से

 


अर्द्धवार्षिक परीक्षा: नोडल केन्द्रों से किया प्रश्न-पत्रों का वितरण 463 विद्यालयों के संस्था प्रधानों ने लॉकर में रखे प्रश्न-पत्र, परीक्षा 11 से

डीग. माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जिला समान प्रश्न पत्र योजना के तहत होने वाली अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी पूरी कर ली है। परीक्षा के लिए प्रश्न-पत्रों का वितरण गुरूवार को शहर के किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से किया गया। सभी राजकीय विद्यालयों को उनके ब्लॉक मुख्यालय स्थित नोडल केंद्रों से प्रश्न-पत्र का वितरण किया गया, जबकि निजी विद्यालयों के प्रश्न-पत्र उनसे सम्बद्ध, राजकीय विद्यालयों को ही दिए गए, जिन्हें वह परीक्षा से पूर्व ले सकेंगे। प्रश्न पत्र लेने के लिए सुबह से ही संस्था प्रधानों ने जुटना शुरू हो गया था। प्रश्न पत्रों का वितरण सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया गया।  



शिक्षा विभाग की ओर से अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का आयोजन 11 दिसम्बर से किया जाएगा। डीग जिला बनने के बाद यहां पहली बार नवीन व्यवस्था से परीक्षाओं का आयोजन होगा। जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक नीलकमल गुर्जर ने बताया कि प्रश्न पत्रों का वितरण सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक किया गया। प्रश्न प्रत्र प्राप्ति से पूर्व क्रीड़ा शुल्क और शिविरा पत्रिका की राशि भी जमा की गई। निजी विद्यालयों के प्रश्न पत्र व संबंधित संस्था प्रधान प्राप्त कर निर्देशित नजदीकी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज ही दिन लॉकर में रखे जाएंगे। जिन्हें परीक्षा की तारीख को परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पूर्व प्राप्त किया जाएगा। जिला समान परीक्षा योजना डीग का परीक्षा नियंत्रण कक्ष सुबह 8 से शाम 4.30 बजे तक संचालित रहेगा। जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक नीलकमल गुर्जर ने बताया कि परीक्षा नियंत्रण कक्ष प्रभारी मुकेश शर्मा के मोबाइल नंबर 9116965675 पर परीक्षा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए संपर्क कर सकते हैं।


जिला समान परीक्षा संयोजक एवं प्रधानाचार्य लाला मनोहरलाल राबाउमावि सुमित्रा धंधेल ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नीलकमल गुर्जर के निर्देशानुसार कक्षा 9 से 12 तक के लिए समय सारिणी जारी की गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं का आयोजन 11 दिसम्बर से दो पारियों में होगा। प्रथम पारी सुबह 9.30 से दोपहर 12.45 बजे तक होगी। जिसमें कक्षा 9 एवं कक्षा 11 की परीक्षा होगी। द्वितीय पारी दोपहर 1.15 से सायं 4.30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें कक्षा 10 एवं 12 की परीक्षा होगी। परीक्षा अवधि 3.15 घंटे की होगी। विद्यालयों को अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम में अलग-अलग प्रश्न पत्र उपलब्ध करवाएं जाएंगे।


जिले के 5 ब्लॉक के 463 विद्यालय पंजीकृत

इस परीक्षा के लिए डीग जिला क्षेत्र के 5 ब्लॉक में 463 अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम के विद्यालय पंजीकृत किए गए हैं। इसके लिए ब्लॉकवार वितरण केन्द्र बनाए गए हैं, जहां से प्रश्न पत्रों का वितरण होगा। जिला समान परीक्षा के लिए डीग ब्लॉक में 108, कुम्हेर में 104, नगर में 99, कामां में 82 तथा पहाडी में 70 विद्यालय पंजीकृत किए गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें