Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

मंगलवार, 12 दिसंबर 2023

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड: पेपर पैटर्न में बड़ा बदलाव, मॉडल प्रश्न - पत्र जारी

 

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड: पेपर पैटर्न में बड़ा बदलाव, मॉडल प्रश्न - पत्र जारी

बनकोड़ा . माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर ने माध्यमिक परीक्षा - 2024 के लिए संशोधित पाठ्यक्रम पर आधारित मॉडल प्रश्न-पत्र बोर्ड जारी कर दिया है। विद्यार्थी इन मॉडल प्रश्नपत्रों के आधार पर बोर्ड परीक्षा की अच्छे से तैयारी कर सकेंगे। साथ ही पेपर पैटर्न में बदलाव से विद्यार्थियों के लिए उत्तीर्णांक लाना थोड़ा आसान हो सकता है। बोर्ड ने अभी उच्च माध्यमिक परीक्षा 2024 के लिए मॉडल प्रश्न पत्र बोर्ड वेबसाइट पर अपलोड नहीं किए हैं।


ऐसा रहेगा पेपर पैटर्न

बोर्ड ने राजस्थान अजमेर ने अपने पेपर पैटर्न में बदलाव किया है। 10 वीं के प्रत्येक प्रश्न पत्र के पूर्णांक 80 में चार खण्ड़ अ, ब, स तथा द होंगे। इसमें खण्ड अ वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्नों यथा बहुविकल्पात्मक प्रश्न, रिक्त स्थान तथा अति-लघुउत्तरीय प्रश्न जिसमें एक शब्द अथवा एक पंक्ति में उत्तर देना होता है। खण्ड़ ब में लघुत्तरात्मक, खण्ड़ स में दीर्घ उत्तरीय तथा खण्ड़ द में निबन्धात्मक प्रश्न होंगे। खण्ड़ अ 32 अंकों अर्थात कुल पूर्णांक का 40 प्रतिशत, खण्ड़ ब 24 अंकों, खण्ड स तथा द प्रत्येक 12 - 12 अंक के रहेंगे।


यह हुआ बदलाव

पिछले वर्षों की तरह इस बार भी बोर्ड के मॉडल प्रश्न पत्रों में काफी समानता है। पर, पाठ्यक्रम की कटौती और पेपर पैटर्न में बदलाव का सीधा फायदा विद्यार्थियों को मिलेगा। कोरोना काल में बोर्ड ने पेपर पैटर्न में बड़ा बदलाव किया था। उसी तरह का पैटर्न अब भी चल रहा है।


माध्यमिक परीक्षा 2024 में पाठ्यांक की कमी कर दी गई थी। खण्ड़ अ के वस्तुनिष्ठ प्रश्नों में बहुविकल्पात्मक तथा रिक्त स्थान वाले प्रश्न क्रमश: तीन तथा एक प्रश्न बढ़ा दिए हैं। वहीं, एक शब्द अथवा एक पंक्ति में उत्तर वाले प्रश्न दो कम कर अंक भार 30 से बढ़ाकर 32 कर दिया है। साथ ही खण्ड़ स में भी अब चारों प्रश्नों में आंतरिक विकल्प भी दिया होगा। पहले सिर्फ खण्ड द के तीन प्रश्नों में आंतरिक विकल्प होता था। अब खण्ड़ स में भी प्रत्येक प्रश्न में आंतरिक विकल्प होगा।


कक्षा 10 का प्रश्न पत्र पैटर्न

प्रश्न पत्र में बहुविकल्पी, रिक्त स्थान की पूर्ति, अति लघु उत्तरात्मक प्रश्न अर्थात एक शब्द अथवा एक पंक्ति में उत्तर, लघुत्तरात्मक प्रश्न, दीर्घ उत्तरीय प्रश्न तथा निबंधात्मक प्रश्न का समावेश रहेगा। हिन्दी, अंग्रेजी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, गणित तथा तृतीय भाषा संस्कृत, उर्दू, गुजराती तथा सिंधी विषयों का पूर्णांक 80 अंक रहेगा। प्रश्नपत्र में चार खण्ड़ अ, ब, स तथा द होंगे। खण्ड़ अ में प्रश्न संख्या एक में 15 बहुविकल्पी प्रश्न, प्रश्न संख्या दो में सात रिक्त स्थान वाले प्रश्न, प्रश्न संख्या तीन अतिलघुत्तरात्मक प्रश्न में 10 प्रश्न एक शब्द अथवा एक पंक्ति में उत्तर वाले प्रश्न होंगे। खण्ड़ ब में प्रश्न संख्या चार से 15 तक यानि 12 लघुत्तरात्मक प्रश्न होंगे, जो प्रत्येक दो अंक के होंगे। खण्ड़ स में प्रश्न संख्या 16 से 19 तक कुल चार प्रश्न प्रत्येक तीन अंक दीर्घ उत्तरीय होंगे। अंतिम खण्ड द प्रश्न संख्या 20 से 22 निबंधात्मक प्रश्न होंगे, जिनका प्रत्येक का अंकभार चार होगा। इस प्रकार 80 अंक के प्रश्न पत्र में खण्ड़ अ का 32, खण्ड ब 24, खण्ड़ स 12 तथा खण्ड़ द का अंकभार भी 12 रहेगा। माध्यमिक परीक्षा में 80 अंक सैद्धांतिक तथा 20 अंक आंतरिक मूल्यांकन सत्रांक सहित प्रत्येक प्रश्न पत्र का कुल अंकभार 100 सहित छह विषयों का कुल पूर्णांक 600 होता है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें