Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

गुरुवार, 14 दिसंबर 2023

नौनिहालों और ग्रामीणों को भाया सोपड़ा नूं घेर


 नौनिहालों और ग्रामीणों को भाया सोपड़ा नूं घेर

झोपड़ी में चल रहे पुस्तकालय में विद्यार्थियों व ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भागीदारी

बांसवाड़ा सर्वजन हिताय के ध्येय को लेकर आरंभ किए कार्य में बाधाएं स्वत: ही दूर हो जाती हैं और संसाधनों का अभाव भी समय के साथ नहीं खलता है। कुछ ऐसे ही तथ्य बांसवाड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत वीरपुर के छोटे से गांव मेदिया डिंडोर में सार्थक होते दिखाई पड़ रहे हैं। यहां एक झोपड़ी में चल रहा सामुदायिक पुस्तकालय स्कूली विद्यार्थियों और अभिभावकों को रास आ रहा है। सोपड़ा नूं घेर नाम के इस नवाचार में अब ग्रामीणों की सहभागिता में निरंतर अभिवृद्धि हो रही है। वीरपुर ग्राम पंचायत के गांव मेदिया डिंडोर में करीब चार माह पहले राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के वरिष्ठ प्रबोधक विजयप्रकाश जैन ने ग्रामीणों के सहयोग से सामुदायिक पुस्तकालय सोपड़ा नूं घेर की शुरुआत की थी। आरंभ में कुछ लोगों की संख्या के साथ शुरु इस सामुदायिक पुस्तकालय में अब ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ी है। प्रतिदिन सुबह इस पुस्तकालय में आना कई ग्रामीणों की दिनचर्या का अहम हिस्सा बन गया है। वहीं विद्यार्थियों की संख्या भी उत्साहित करने लगी है।


यह था उद्देश्य


जैन ने बताया कि गांव में सामुदायिक पुस्तकालय आपड़े सोपडा नूं घैर की शुरुआत विकास डिन्डोर के घर से की थी। इसका उद्देश्य पढने की आदतों का विकास करने और पढ़कर देश-दुनिया को समझने-समझाने का रहा। शुरुआत में हिंदी, अंग्रेजी और वागड़ी की लगभग 170 पुस्तकें जन सहयोग से एकत्र की गई। आज यह पुस्तकालय सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए रुचि का केंद्र बन गया है।


निरतंर मिला सहयोग


सोपड़ा नूं घैर पुस्तकालय को समृद्ध बनाने में शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों के साथ ही जागरुक लोगों का निरंतर सहयोग मिल रहा है। कई संगठन भी समय के साथ जुड़े हैं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए हैं। जैन के अनुसार प्रतिदिन स्कूल खुलने से पहले बच्चे अपने घर से पहले सोपड़ा नूं घैर पहुंचते हैं। वहां समाचार पत्र, पुस्तकें आदि पढ़ते हैं। इससे वे सम-सामयिक विषयों को भी जान रहे हैं और नया सीख रहे हैँ। गृहस्वामी विकास डिंडोर सहित अन्य का भी पूरा सहयोग मिल रहा है, जिससे यहां संग्रहित पुस्तकों की समुचित सारसंभाल भी हो रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें